जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए जंगल क्षेत्र से एक शक्तिशाली देसी बम (आईईडी) बरामद कर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। यह कार्रवाई सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे घेराबंदी एवं तलाशी अभियान के दौरान की गई।
अधिकारियों के अनुसार, थन्नामंडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डोरी माल स्थित कल्लर वन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद बुधवार को सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जंगल में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं, जिनकी सावधानीपूर्वक जांच की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वह सामग्री लगभग चार किलोग्राम वजन का एक शक्तिशाली आईईडी है, जो किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए लगाया गया हो सकता था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को नियंत्रित विस्फोट के जरिए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ खाली गोले भी बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अब भी गहन तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी अन्य विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध तत्वों की मौजूदगी को पूरी तरह से खारिज किया जा सके। सुरक्षाबलों की इस सतर्कता से एक संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया है।