उत्तर भारत में जारी भीषण ठंड और घने कोहरे का असर अब जनजीवन के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर हवाई परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कम दृश्यता के चलते कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि दर्जनों फ्लाइट्स घंटों देरी से संचालित हुईं।
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई, जिससे टेक-ऑफ और लैंडिंग में पायलटों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण सात उड़ानों को रद्द कर दिया गया, वहीं 100 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निर्धारित समय से काफी देरी से रवाना हुईं। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई और कई लोग फ्लाइट की जानकारी के लिए परेशान नजर आए।
कोहरे का असर सिर्फ हवाई यातायात तक सीमित नहीं रहा। देश के विभिन्न राज्यों से दिल्ली आने वाली कई प्रमुख ट्रेनें भी घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। रेलवे स्टेशनों पर भी ठंड और देरी के चलते असुविधा की स्थिति बनी रही।
इस दौरान इंडिगो की दिल्ली-अमृतसर फ्लाइट 6ई-5103 रद्द कर दी गई। स्पाइसजेट की दिल्ली–वाराणसी फ्लाइट एसजी-8718 और दिल्ली–श्रीनगर फ्लाइट एसजी-661 भी उड़ान नहीं भर सकीं। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली–अमृतसर फ्लाइट आईएक्स-1683 और एयर इंडिया की दिल्ली–गुवाहाटी फ्लाइट आईएक्स-1030 को भी रद्द करना पड़ा। कुछ अन्य उड़ानें देरी से संचालित की गईं।
इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने कहा कि प्रयागराज सहित कुछ क्षेत्रों में कम विजिबिलिटी और कोहरे के कारण फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हो सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचते रहें। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
