टिम्मरसैंण महादेव से अल्ट्रा मैराथन तक: नीती घाटी में बढ़ता पर्यटन और सुरक्षा की बड़ी तैयारी

चमोली जिले की सीमांत नीती घाटी इन दिनों आस्था और रोमांच का बड़ा केंद्र बनती जा रही है। यहां स्थित टिम्मरसैंण महादेव, जिसे श्रद्धालु ‘छोटा अमरनाथ’ के नाम से जानते हैं, शीतकालीन यात्रा के दौरान भी भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। कड़ाके की ठंड और बर्फीले मौसम के बावजूद प्रतिदिन 500 से 1000 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए दुर्गम पहाड़ी रास्तों से होकर नीती घाटी पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सीमांत क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने स्वयं नीती घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टिम्मरसैंण महादेव पहुंचकर दर्शन किए और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस अधीक्षक ने यात्रियों से मार्ग की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और ठहरने की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया, जिस पर श्रद्धालुओं ने संतोष जताया।

नीती घाटी में आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा मैराथन को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इस बड़े आयोजन की तैयारियों के तहत एसपी चमोली ने सुराईथोटा और मलारी पुलिस चौकियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैराथन रूट पर स्थित प्रत्येक पुलिस चौकी की भूमिका बेहद अहम होगी और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मलारी पुलिस चौकी की जर्जर स्थिति सामने आई, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ को ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ के अंतर्गत तत्काल मरम्मत व आधुनिकीकरण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। हालिया बर्फबारी में क्षतिग्रस्त हुए सोलर पैनलों को शीघ्र ठीक कराने के आदेश भी दिए गए ताकि संचार और प्रकाश व्यवस्था प्रभावित न हो।

मलारी भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया। वरिष्ठ नागरिक कपिल रावत, राजेंद्र राणा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सर्दियों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के बावजूद मेडिकल सुविधाएं बंद रहती हैं, जिससे आपात स्थिति में गंभीर परेशानी होती है। इसके अलावा ज्योतिर्मठ के बाद पूरी घाटी में एक भी पेट्रोल पंप न होना पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी चमोली ने मौके पर ही जिलाधिकारी चमोली से फोन पर ग्रामीणों की बातचीत करवाई। साथ ही बीआरओ के कमांडिंग ऑफिसर मेजर विवेक सोनी और द्वितीय प्रभारी सुनील कुमार त्रिपाठी से सुराईथोटा में भेंट कर सड़क निर्माण कार्य, आवाजाही और सुरक्षा समन्वय पर चर्चा की। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.