बस्तर में बड़ा नक्सल ऑपरेशन: अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 माओवादी ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद

छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को बीजापुर और सुकमा जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान कुल 14 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 माओवादी शामिल हैं।

मुठभेड़ स्थलों से एके-47, इंसास और एसएलआर राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में कोंटा क्षेत्र का कुख्यात माओवादी मंगतु (डीवीसीएम) और एसीएम हितेश भी शामिल हैं, जो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरपूंजे की हत्या में संलिप्त बताए जा रहे थे।

बीजापुर जिले के गगनपल्ली गांव (थाना बसागुड़ा) के जंगलों से दो नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं, जिनमें हुंगा मडकाम की पहचान की गई है। वहीं, सुकमा जिले के कोंटा और किस्टाराम के जंगलों में भी सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की खबर है।

सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि दक्षिण बस्तर क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर डीआरजी की टीमों को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। बीजापुर में सुबह करीब 5 बजे और सुकमा में लगभग 8 बजे से मुठभेड़ जारी रही।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान अभी जारी है, इसलिए सुरक्षा कारणों से ऑपरेशन से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा नहीं की जा रही हैं। अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.