रुड़की। शहर के राजपूताना मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि संबंधित मकान का उपयोग माचिस, बीड़ी और सिगरेट जैसे ज्वलनशील सामान के भंडारण के लिए किया जा रहा था। मकान पंकज नामक व्यक्ति के कब्जे में था, जो नीचे गोदाम के रूप में इसका उपयोग कर रहा था। संकरी गली होने के कारण अग्निशमन विभाग को छोटे वाहन से ही आग बुझानी पड़ी, जिससे राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में माचिस, बीड़ी, सिगरेट के साथ-साथ एक मोटरसाइकिल और कुछ घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
