अंकिता हत्याकांड पर उबाल: कांग्रेस का आरोप—सत्ता बचा रही है गुनहगारों को

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आ रहे नए खुलासों ने उत्तराखंड की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में देहरादून के कारगी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह सच्चाई सामने लाने के बजाय आरोपियों को संरक्षण दे रही है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वैभव वालिया ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि सत्ता-संरक्षण और साजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर दिन सामने आ रहे नए तथ्य यह साबित कर रहे हैं कि मामले को जानबूझकर कमजोर किया गया। सरकार की चुप्पी अब संदेह को जन्म दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन पर गंभीर आरोप हैं, वे आज भी खुलेआम क्यों घूम रहे हैं और जांच को प्रभावित करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और न्याय की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस मामले में संवेदनहीनता दिखाई है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। वैभव वालिया ने दो टूक कहा कि अंकिता भंडारी आज पूरे राज्य की आवाज बन चुकी है और यदि सरकार ने समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच हो, सभी प्रभावशाली आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए और जिन अधिकारियों ने साक्ष्य मिटाने या जांच को प्रभावित करने की कोशिश की है, उन्हें सख्त सजा दी जाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सत्ता के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय की स्थापना के लिए है।

इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष स्वाति नेगी, वरिष्ठ नेता अनिल नेगी, पार्षद प्रत्याशी अमन सिंह, हेमंत उप्रेती, पीयूष जोशी, आयुष सेमवाल, अजय रावत, अमित जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.