प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की तीन देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर रवाना हो गए। यात्रा पर निकलने से पहले प्रधानमंत्री ने बयान जारी कर कहा कि ये तीनों देश भारत के साथ प्राचीन सभ्यतागत संबंधों के साथ-साथ मजबूत और विकसित होती द्विपक्षीय साझेदारी साझा करते हैं। यह दौरा भारत के कूटनीतिक रिश्तों को नई ऊर्जा देने और वैश्विक सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत जॉर्डन से करेंगे। किंग अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के निमंत्रण पर वह राजधानी अमान जाएंगे। भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री किंग अब्दुल्ला द्वितीय, प्रधानमंत्री जाफर हसन और क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात करेंगे। साथ ही, भारत–जॉर्डन संबंधों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे।
जॉर्डन के बाद प्रधानमंत्री इथियोपिया की यात्रा पर जाएंगे, जो उनकी पहली आधिकारिक इथियोपिया यात्रा होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अदीस अबाबा अफ्रीकी संघ का मुख्यालय है, जिसे भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान वर्ष 2023 में जी-20 का स्थायी सदस्य बनाया गया था। यहां प्रधानमंत्री इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली से द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। वे भारतीय समुदाय से मुलाकात करने के साथ-साथ इथियोपियाई संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान वे ‘लोकतंत्र की जननी’ भारत की यात्रा और ग्लोबल साउथ के लिए भारत–इथियोपिया साझेदारी के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री ओमान पहुंचेंगे। भारत–ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहे इस दौरे में प्रधानमंत्री मस्कट में ओमान के सुल्तान से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ओमान में बसे भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे, जिनका दोनों देशों के रिश्तों को मजबूती देने में अहम योगदान रहा है।
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि यह तीन देशों की यात्रा भारत के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और वैश्विक मंच पर भारत की प्रभावी भूमिका को और मजबूत करेगी।