राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सोमवार सुबह घने कोहरे और धुंध का असर हवाई यातायात पर साफ नजर आया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण कई उड़ानों के संचालन में देरी हुई, जबकि कुछ फ्लाइट्स को एहतियातन रद्द भी किया गया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल में आवश्यक बदलाव किए हैं।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो और टाटा समूह के नेतृत्व वाली एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाए रहने के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर और एयरपोर्ट पर भीड़ व लंबे इंतजार से बचने के लिए दिनभर कुछ उड़ानों को पहले ही रद्द किया जा सकता है। एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों की असुविधा को समझती है और एयरपोर्ट पर मौजूद उसकी टीमें हालात को संभालने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
इंडिगो ने यह भी बताया कि कोहरे की वजह से सड़कों पर ट्रैफिक धीमा रह सकता है, इसलिए यात्रियों को समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है। यदि किसी फ्लाइट को रद्द किया जाता है तो यात्री ऑनलाइन माध्यम से आसानी से रीबुकिंग या रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं।
वहीं, एयर इंडिया ने भी अपनी एडवाइजरी में कहा कि घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली समेत उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में उड़ानों पर असर पड़ा है। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच लें।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में यात्रियों को सतर्क रहने और एयरलाइंस द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।