अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर और विश्व विजेता लियोनेल मेसी शुक्रवार देर रात अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे, जहां उनका जोरदार और भावनात्मक स्वागत किया गया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में मौजूद प्रशंसकों ने अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए देर रात तक इंतजार किया। ‘मेसी-मेसी’ के नारों और उत्साह के बीच उनका अभिनंदन किया गया।
शनिवार को लियोनेल मेसी का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है। सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक हावड़ा ब्रिज पर प्रशंसकों और खेलप्रेमियों के साथ एक विशेष आयोजन किया जाएगा, जो कोलकाता के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। इसके बाद मेसी साल्टलेक स्थित युवा भारती क्रीड़ांगन पहुंचेंगे, जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां होंगी।
स्टेडियम में विशेष आकर्षण के रूप में ‘मेसी ऑल स्टार बनाम डायमंड हार्बर ऑल स्टार’ फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया है। अनुमान है कि सुबह करीब 10.50 बजे मेसी स्टेडियम में प्रवेश करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात करेंगे, बंगाल के ट्रॉफी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे और युवा फुटबॉलरों के साथ विशेष ‘मास्टर क्लास’ सत्र में भाग लेंगे। इसके साथ ही उन्हें राजकीय सम्मान दिए जाने की भी योजना है।
आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल सितारे लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डे पॉल की मौजूदगी संभव है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली से भी मेसी की मुलाकात प्रस्तावित है।
कोलकाता के कार्यक्रमों के बाद लियोनेल मेसी देश के चार राज्यों के दौरे पर निकलेंगे। हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में फुटबॉल से जुड़े कार्यक्रमों, युवा संवाद और सम्मान समारोहों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह दौरा न केवल मेसी के सम्मान में है, बल्कि भारत की फुटबॉल संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।
