बागलकोट। कर्नाटक के बागलकोट जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना जामखंडी तालुक के सिद्धपुरा गांव के पास उस समय हुई जब तेज रफ्तार से चल रही कार बागलकोट–विजयपुरा राजमार्ग पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के पिछले हिस्से से जोरदार टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल चौथे युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान विश्वनाथ कंबरा (17), गणेश अरालीमट्टी (20), ईशु कंबरा, प्रवीण शेडबाल (22) और प्रज्ज्वल शेडबाल (17) के रूप में हुई है। ये सभी सिद्धपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही जामखंडी ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि कार चालक और अन्य युवक शराब के नशे में हो सकते हैं। तेज रफ्तार भी हादसे का बड़ा कारण मानी जा रही है, जिससे कार ट्रॉली में पीछे से घुस गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र रफ्तार और रात में लाइट की कमी के कारण पहले भी हादसों का गवाह रह चुका है।