हरिद्वार में सनसनी! अजनबी ने चलती कार में क्यों मारी गोली?

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लिफ्ट देने की दरियादिली एक रिटायर्ड एयरफोर्स सैनिक की जान ले गई। कनखल स्थित जमालपुर कला निवासी 62 वर्षीय भगवान सिंह, जो वर्ष 2013 में भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हुए थे, अपने बेटे यशपाल के साथ शनिवार देर शाम रोशनाबाद एक शादी समारोह में जा रहे थे।

जटवाड़ा पुल के पास एक अजनबी युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिसे उन्होंने सहज भाव से दे दिया। लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद नहर पटरी मार्ग पर उस युवक ने अचानक भगवान सिंह की कनपटी पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद गंभीर हालत में घायल भगवान सिंह को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जॉलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.