राष्ट्रपति का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा — जानिए कहां-कहां जाएंगी!

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 2 से 4 नवंबर तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अपने इस प्रवास के दौरान वह राज्य के रजत जयंती समारोह, दीक्षांत कार्यक्रमों और धार्मिक स्थलों के दर्शन में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम कर लिए हैं।

कार्यक्रम के अनुसार, 2 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मु हरिद्वार पहुंचेंगी, जहां वह पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद 3 नवंबर को वह देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष पर विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।

उसी दिन राष्ट्रपति नैनीताल जाएंगी, जहां वह राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में हिस्सा लेंगी।

4 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मु कैंची धाम पहुंचेंगी और नीम करोली बाबा आश्रम में दर्शन करेंगी। इसके पश्चात वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में शामिल होकर छात्रों को डिग्रियां प्रदान करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया है। राज्य सरकार इस अवसर को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की पूरी तैयारी में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.