कटरा (जम्मू-कश्मीर)। त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा बुधवार सुबह से पुनः आरंभ हो गई। लगातार 22 दिनों तक भूस्खलन के कारण बंद रहने के बाद यात्रा शुरू होने से श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और खुशी का माहौल है। 26 अगस्त को आए विनाशकारी भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए थे, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई थी।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने अनुकूल मौसम और मार्ग के आवश्यक रखरखाव के बाद यात्रा बहाल करने का निर्णय लिया। जैसे ही सुबह छह बजे बाणगंगा दर्शनी द्वार से यात्रा शुरू हुई, कटरा आधार शिविर से लेकर मंदिर मार्ग तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू होने पर गहरी राहत और खुशी व्यक्त की।
बोर्ड ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें, वैध पहचान पत्र साथ रखें और केवल निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। सभी यात्रियों के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिटी कार्ड (RFID) आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य की गई है ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित रहे।
बोर्ड अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। एक अधिकारी ने कहा कि “यात्रा का फिर से शुरू होना हमारी सामूहिक आस्था और दृढ़ता का प्रमाण है। श्राइन बोर्ड इस पवित्र स्थल की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”
महाराष्ट्र से आए एक समूह की महिला श्रद्धालु ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “हम पुणे से दो दिन पहले आए थे और इंतजार करना कठिन था। लेकिन हमें विश्वास था कि लौटने से पहले दर्शन जरूर होंगे।”
अब जबकि मार्ग को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है, नवरात्रि (22 सितंबर से 1 अक्टूबर) के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिर प्रबंधन ने यात्रियों से आधिकारिक संचार माध्यमों से ही अपडेट लेने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है।
