After Header-1

विश्वकर्मा जयंती और पीएम मोदी जन्मदिन पर चारधाम में हवन-स्वच्छता अभियान

श्री बदरीनाथ/केदारनाथ धाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड के चारधाम सहित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सभी अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और हवन संपन्न हुआ। साथ ही मंदिर परिसरों में भव्य स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

इससे पहले 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर भी धामों में प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया था। हालांकि, इस दिन कोई औपचारिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक प्रदेशभर में “सेवा पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आपदा राहत कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर और दिव्यांगों की सहायता जैसे बहुउद्देश्यीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती भी है और इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन होने से यह दिन और भी विशेष हो गया है। द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र निर्माण और विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं और उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। उत्तराखंड और विशेषकर चारधाम से उनका गहरा लगाव रहा है।

प्रदेश सरकार और बीकेटीसी की ओर से प्रधानमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी धामों में विशेष हवन और पूजन किया गया। साथ ही धामों में “प्लास्टिक हटाओ अभियान” की भी शुरुआत की गई, जिसके तहत श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने की अपील की गई।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का अवसर है, बल्कि समाज को स्वच्छता और जनकल्याण के प्रति जागरूक करने की ऐतिहासिक पहल भी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.