नासिक। देशभर में लगातार मिल रही बम धमकी की खबरों के बीच महाराष्ट्र के नासिक जिले से भी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नासिक के इंदिरा नगर स्थित कैंब्रिज स्कूल को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल के बाथरूम में बम रखा गया है।
धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन सतर्क हो गया और तुरंत आपात कदम उठाए। स्कूल प्रबंधन ने सबसे पहले सभी छात्रों को कक्षाओं से बाहर निकालकर स्कूल परिसर के बीच सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा किया। इसके बाद अभिभावकों को सूचना दी गई कि वे तत्काल अपने बच्चों को घर ले जाएं। इस घटना से अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए।
सूचना पाकर पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने पूरे स्कूल परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि यह धमकी फर्जी भी हो सकती है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस घटना से स्कूल प्रशासन और छात्रों के परिजन बेहद दहशत में हैं। माता-पिता का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, और इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में कई नामी-गिरामी स्कूलों और संस्थानों को बम धमकी वाले ईमेल मिल चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं को गंभीरता से ले रही हैं और साइबर सेल के जरिए ईमेल भेजने वालों की तलाश जारी है।
नासिक पुलिस ने कहा है कि बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। फिलहाल, धमकी की सच्चाई की जांच जारी है।