देहरादून। बीती रात देहरादून के कारलीगाढ़ सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई। अचानक हुई इस आपदा से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर चिंता जताई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात करके हालात की जानकारी ली।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। देर रात ही आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। डीएम सविन बंसल ने खुद कमान संभाली और सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मौके पर रेस्क्यू टीमें भेजी।
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और लोनिवि की टीमों ने जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ रेस्क्यू और रिलीफ ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन के मुताबिक घटना में कुछ दुकानें बह गई हैं। हालांकि अभी तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। दो लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश युद्धस्तर पर जारी है।
आपदा के मद्देनज़र जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। आईआरएस सिस्टम से जुड़े सभी विभाग सक्रिय मोड पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं ताकि राहत और बचाव कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक हुई भारी बारिश और बादल फटने से इलाके में नाले और गाड़ियां उफान पर आ गए। दुकानें और सामान देखते ही देखते बह गए। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में प्राकृतिक आपदाओं की गंभीरता और उनके लिए तैयार रहने की आवश्यकता की ओर इशारा करती है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी।