PM NEWS: पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ से हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन तबाही का असर अब भी साफ दिखाई दे रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोनों राज्यों का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे और राहत व पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी इस संकट को लेकर बेहद चिंतित हैं और लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और पंजाब के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। सेना, सीमा सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और स्थानीय लोग मिलकर प्रभावित परिवारों की मदद कर रहे हैं। “माय भारत आपदा मित्र” के हजारों स्वयंसेवक भी लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
राज्य सरकार ने भी हालात को देखते हुए निर्णय लिया है कि जिला-विशेष की स्थिति के अनुसार आज से स्कूल और कॉलेज खोले जाएंगे। हालांकि, कई इलाकों में बाढ़ का पानी उतर जाने के बावजूद अब भी ग्रामीण इलाकों में दिक्कतें बनी हुई हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब के लगभग 2000 गांवों के 3.87 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार ने बताया कि अब तक 51 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
इससे पहले, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पंजाब का दौरा कर हालात का आकलन किया था। केंद्र सरकार ने नुकसान का वास्तविक आंकलन करने के लिए दो अंतर-मंत्रालयी टीमों का गठन किया है।
प्रधानमंत्री मोदी आज उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के बाद दिल्ली से पठानकोट के लिए रवाना होंगे। वहां से वे हवाई सर्वे करेंगे और पंजाब व हिमाचल प्रदेश में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे। बाढ़ पीड़ितों को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से राहत कार्यों में तेजी आएगी और केंद्र से अतिरिक्त सहायता मिल सकेगी।