हरिद्वार में बाबर गिरफ्तार, नशीले कैप्सूल की तस्करी का बड़ा खुलासा

उत्तराखंड पुलिस का नशा मुक्त देवभूमि अभियान लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में लक्सर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपित को 96 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, लक्सर पुलिस टीम चैकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में पुलिस को 96 अवैध नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम बाबर, निवासी खारा कुंआ, सुल्तानपुर, लक्सर, जिला हरिद्वार बताया।

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बाबर स्थानीय केमिस्ट की मिलीभगत से यह धंधा कर रहा था। वह लंबे समय से नशीले कैप्सूलों की तस्करी में शामिल था और स्थानीय स्तर पर इन्हें बेचने का काम कर रहा था। पुलिस अब इस मामले में संबंधित केमिस्ट की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

लक्सर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाबर को गिरफ्तार कर उसका चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड को नशे की चपेट से बचाने के लिए अभियान तेज गति से जारी रहेगा। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।

यह गिरफ्तारी नशा तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती का बड़ा संदेश है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी तस्करों पर कार्यवाही की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.