पूर्णिया, 24 अगस्त। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ ने शनिवार को पूर्णिया में जबरदस्त असर डाला। इस यात्रा में जिस तरह से भीड़ उमड़ी, उसने पूरे इलाके का माहौल ही बदल दिया। हजारों की संख्या में लोग बिहार के अलग-अलग जिलों से इस यात्रा में शामिल होने पहुंचे और इसे एक बड़े जनआंदोलन का रूप दे दिया।
यात्रा की शुरुआत बेलौरी से हुई और फिर लाइन बाजार, पंचमुखी मंदिर, रामबाग होते हुए कसबा की ओर बढ़ी। इसके बाद काफिला अररिया की ओर रवाना हो गया। इस दौरान राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे सैकड़ों वाहनों का काफिला और पैदल समर्थकों की लम्बी कतार देखने को मिली। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और नारेबाजी से नेताओं का स्वागत किया।
जनसमर्थन का आलम यह रहा कि पूरा पूर्णिया शहर ठप पड़ गया। कई इलाकों में घंटों तक जाम लगा रहा और करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइनें दिखाई दीं। आम लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासन ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर कई मार्गों को बंद कर दिया था। इनमें पूर्णिया–महेशपुर–चौंदपुर मार्ग, गुड्डा चौक, जीरो माइल, बेलौरी चौक, फोर्ड चौक, पंचमुखी मंदिर, रामबाग, कप्तान पुल, लाइन बाजार और रजनी चौक शामिल थे। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 131A और पूर्णिया–अररिया मार्ग पर भी सुबह से दोपहर तक यातायात पूरी तरह रोका गया। हालांकि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को छूट दी गई।
भीड़ से उत्साहित राहुल गांधी ने खुद मोटरसाइकिल चलाकर लोगों का अभिवादन किया। यात्रा पथ पर जगह-जगह कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने स्वागत में जोरदार तैयारी की थी। पुलिस ने भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की और नागरिकों से किसी भी समस्या पर यातायात थाना प्रभारी और पुलिस वाहन नियंत्रक से संपर्क करने की अपील की।