संसद भवन की सुरक्षा में सेंध! दीवार फांदकर अंदर घुसा शख्स

नई दिल्ली। देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारत संसद भवन की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बुधवार को अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब एक शख्स पेड़ के सहारे दीवार फांदकर संसद भवन के अंदर घुस गया। सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के चलते आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया और हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति संसद भवन के एक कोने से पेड़ पर चढ़ा और फिर वहां से दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हो गया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने अलर्ट जारी किया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। आरोपी के इरादों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच कर रही हैं।

सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी संसद भवन में घुसपैठ की मंशा क्या थी। शुरुआती जानकारी में यह सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

घटना के बाद संसद भवन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है। सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। संसद भवन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गौरतलब है कि संसद भवन देश की सर्वोच्च विधायी संस्था है, जहां प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में किसी अनधिकृत व्यक्ति का परिसर में घुस जाना सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है।

विपक्षी दलों ने इस घटना को सुरक्षा में लापरवाही बताते हुए केंद्र सरकार को घेरा है। वहीं, सरकार का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और आरोपी से पूछताछ के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह संदेश दे रही है कि चाहे सुरक्षा कितनी भी मजबूत क्यों न हो, सतर्कता और चौकसी में जरा सी चूक गंभीर खतरा बन सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.