After Header-1

भाकपा माओवादी की करतूत, रातभर दहशत में रहे लोग

झारखंड के चतरा जिले में नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए हिंसक वारदात को अंजाम दिया। भाकपा (माओवादी) संगठन के नक्सलियों ने बुधवार देर रात लावालौंग थाना क्षेत्र के लेम्बोडीह विशनपुर गांव में दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों का एक दस्ता गांव में सतन गंझु को खोजने पहुंचा। घर पर उसे न पाकर नक्सलियों ने बाहर खड़े ट्रैक्टर और सवारी वाहन में आग लगा दी। इतना ही नहीं, उन्होंने घर में ताला लगाकर “भाकपा माओवादी जिंदाबाद” और “लाल सलाम” के नारे भी लगाए। अचानक हुई इस घटना से आसपास के ग्रामीण पूरी रात भयभीत रहे।

जानकारी के अनुसार, इस वारदात को भाकपा माओवादी के टॉप कमांडर मनोहर गंझू के दस्ते ने अंजाम दिया। गुरुवार सुबह जैसे ही सूचना मिली, सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल और लावालौंग पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि लावालौंग क्षेत्र कभी नक्सली संगठन टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति समिति) का गढ़ माना जाता था। यह ब्लॉक संगठन का अभेद किला भी कहा जाता था। पुलिस की लगातार कार्रवाई और टॉप कमांडरों के खात्मे से संगठन काफी कमजोर हुआ। लेकिन अब भाकपा माओवादी फिर से इस क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश में है।

चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने पुष्टि करते हुए कहा कि नक्सलियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस जांच कर रही है और दोषियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नक्सलियों की इस गतिविधि से ग्रामीणों में फिर से भय का वातावरण बन गया है। पुलिस की सख्त कार्रवाई ही इस दहशत पर रोक लगा सकती है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.