उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातःकाल भ्रमण के दौरान भराड़ीसैंण (गैरसैंण) का दौरा किया। इस दौरान वे स्थानीय प्रतिष्ठान श्री चंद्र सिंह नेगी जी की दुकान पर रुके और वहां चाय की चुस्कियों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकार की विकासपरक व जनकल्याणकारी योजनाओं पर उनकी प्रतिक्रिया भी प्राप्त की।
जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से सीधे संवाद करना उनके लिए हमेशा विशेष अनुभव होता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपने विचार साझा किए और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा सत्र के समापन के बाद भराड़ीसैंण में रुकने का निर्णय उन्होंने इसलिए लिया ताकि उन्हें स्थानीय जनजीवन को करीब से समझने और अनुभव करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि गैरसैंण केवल उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी ही नहीं, बल्कि भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकता है।
गैरसैंण की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की हरी-भरी वादियां, स्वच्छ पर्वतीय हवा और शांत वातावरण हर किसी को आकर्षित करता है। यह क्षेत्र पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरा है और आने वाले समय में सरकार इसे विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाएगी। इससे न केवल राज्य की पहचान को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक उन्नति के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री के इस दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भराड़ीसैंण और गैरसैंण का विकास और तेजी से होगा।
