कहा – “नई पीढ़ी में देशभक्ति और बलिदान की भावना जागृत करेगा यह स्मृति स्थल”
पौड़ी। जनपद के घीड़ी गांव में रविवार को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ‘मेजर डोभाल स्मृति पार्क’ का विधिवत शिलान्यास किया। यह पार्क भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पिता, स्वर्गीय मेजर गुणानंद डोभाल की स्मृति में स्थापित किया जा रहा है।

डॉ. रावत ने कहा कि यह स्मृति पार्क केवल हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, बलिदान और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा, “यह वही भूमि है, जिसने देश को अजीत डोभाल जैसे राष्ट्ररक्षक दिए हैं। स्मृति पार्क उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बनेगा।”
पार्क के निर्माण और दीर्घकालिक संरक्षण की जिम्मेदारी 127 इन्फैंट्री बटालियन की इकोलॉजिकल टास्क फोर्स को सौंपी गई है। बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रत्तुल थपलियाल ने जानकारी दी कि पार्क लगभग 8 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय जलवायु के अनुकूल फलदार, औषधीय और सुगंधित पौधे लगाए जाएंगे।
शिलान्यास के अवसर पर लगभग 2000 पौधों का रोपण भी किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और पूर्व सैनिकों ने भारी संख्या में भाग लिया। पूर्व सैनिकों में सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने स्मृति स्थल को नमन किया और आयोजन को ऐतिहासिक बताया।