PM मोदी आज वाराणसी से करेंगे 2183 करोड़ की सौगात, जानिए क्या है खास

किसानों को मिलेगा बड़ा तोहफा, वाराणसी से जारी होगी PM किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं, जहां वे 2183.45 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे देशभर के 9.70 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये की धनराशि भी उनके खातों में ट्रांसफर करेंगे।

प्रधानमंत्री का विशेष विमान सुबह करीब 10:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरेगा, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

इस दौरे की सबसे प्रमुख परियोजना 269.10 करोड़ रुपये की लागत से बनी 35 किलोमीटर लंबी वाराणसी-भदोही फोरलेन सड़क है, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री करेंगे। वहीं, शिलान्यास की सबसे बड़ी योजना 85.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल है।

प्रधानमंत्री मोदी काशी संसद प्रतियोगिता के तहत स्केचिंग, पेंटिंग, फोटोग्राफी, खेलकूद और ज्ञान प्रतियोगिताओं से जुड़ी पहल के पोर्टल का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को 7,400 से अधिक सहायक उपकरण वितरित करेंगे।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री सेवापुरी विधानसभा के बनौली (कालिका धाम) गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वे दोपहर करीब 1:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल किसानों के लिए बड़ी राहत लाएगा, बल्कि बनारस में बुनियादी ढांचे और सामाजिक विकास को भी नई रफ्तार देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.