PM मोदी कल देंगे 51,000 से ज्यादा युवाओं को रोजगार का तोहफा

नई दिल्ली: PM नरेन्द्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। यह नियुक्ति पत्र विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित उम्मीदवारों को प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री इन नवचयनित युवाओं को संबोधित भी करेंगे।

देशभर में आयोजित होगा 16वां रोजगार मेला

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह 16वां रोजगार मेला देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इन मेलों में चयनित युवा देश के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं, और वे अपने-अपने मंत्रालयों और विभागों में जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे।

रेल, गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय सहित कई विभागों में नियुक्ति

इस रोजगार मेले के तहत जिन विभागों में नियुक्तियां की जा रही हैं उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

रेल मंत्रालय

गृह मंत्रालय

डाक विभाग

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय

वित्तीय सेवाएं विभाग

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय

और अन्य केंद्रीय सरकारी विभाग

इन सभी मंत्रालयों और संगठनों में हजारों पदों पर युवाओं की नियुक्ति की जा रही है।

रोजगार मेलों से अब तक 10 लाख युवाओं को मिल चुकी नौकरी
पीएमओ के अनुसार, अब तक देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के उस संकल्प का हिस्सा है जिसमें वे देश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

रोजगार मेलों से युवाओं को न केवल सरकारी नौकरी का अवसर मिलता है, बल्कि इससे राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.