After Header-1

राजस्थान : होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत

जयपुर। राजस्थान में अजमेर के डिग्गी बाजार इलाके में बृहस्पतिवार को एक होटल में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पांच मंजिला होटल में मौजूद कुछ मेहमानों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई।

जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल समारिया ने बताया, “आज सुबह डिग्गी बाजार इलाके में एक होटल में आग लग गई। पुलिस की टीम मौके पर है। दम घुटने और जलने से दो पुरुषों, एक महिला और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई।”

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि होटल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। शुरुआती तौर पर यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। होटल में मौजूद एक मेहमान ने बताया कि धमाके की आवाज आई, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ बाहर भागे।

होटल में ठहरे मंगिला कलोसिया ने बताया, “एक महिला ने खिड़की से अपने बच्चे को मेरी गोद में फेंक दिया। उसने इमारत से कूदने की भी कोशिश की, लेकिन हमने उसे रोक लिया।” उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति भी खिड़की से कूद गया और उसके सिर में चोट लग गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.