कावड़ यात्रा व्यवस्थाओं के लिए तीन करोड़ की धनराशि स्वीकृत

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं के लिए 03 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह धनराशि कांवड यात्रा की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागों की मांग के सापेक्ष स्वीकृत कर जिलाधिकारी हरिद्वार को उपलब्ध कराई गई है। आगामी कांवड़ यात्रा-2024 को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन की ओर से तीन करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री की ओर से कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पूर्व से आयोजित समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को दिए गए थे। मुख्यमंत्री ने गत वर्ष की कांवड़ यात्रा में आये शिव भक्तों की संख्या एवं व्यवस्थाओं के दृष्टिगत इस वर्ष कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं को दी जाने वाली आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस दौरान शांति एवं क़ानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश उनके द्वारा दिए गए हैं। इस संबंध में अपर सचिव शहरी विकास नितिन भदोरिया की ओर से जिलाधिकारी हरिद्वार को संबोधित शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि कांवड़ मेला-2024 की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों से प्राप्त धनराशि की मांग के सापेक्ष अपने स्तर से समीक्षा की जाए। अत्यंत आवश्यक कार्यों का चयन कर धनराशि वित्तीय नियमों के अंतर्गत ही व्यय की जाए। यदि नियमानुसार किसी निर्माण कार्य आदि के आगणन के सापेक्ष शासन की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति पृथक से प्राप्त किया जाना आवश्यक है, तो उसका प्रस्ताव शासन को पृथक से उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.