After Header-1

सेना ने जारी किए दो आतंकियों के स्केच, 20 लाख का इनाम घोषित

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के काफिले पर हमला करने वाले आतंकवादियों की धर पकड़ के लिए सुरक्षाबलों का सर्च अभियान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी है। भारतीय सेना ने दो आतंकियों के स्केच जारी किए हैं और उन पर 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

खुफिया एजेंसियों का मानना है कि पुंछ जिले में भारतीय वायुसेना के काफिले पर हमला लश्कर-ए-तैयबा के विदेशी आतंकवादी अबू हमजा के नेतृत्व में आतंकवादियों के एक समूह ने किया था। अधिकारियों ने बताया कि एके असॉल्ट राइफलों के अलावा आतंकवादियों ने अमेरिका में निर्मित एम4 कार्बाइन और स्टील की गोलियों का भी इस्तेमाल किया है।

गौरतलब है कि पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में शनिवार शाम घात लगाकर एयरफोर्स के काफिले पर आतंकियों की ओर से किए गए हमले में एक जवान बलिदान हो गया था जबकि चार अन्य घायल हैं। सोमवार को भी घायल जवानों का उपचार अस्पताल में जारी है। काफिले में शामिल दो वाहनों में से एक को आतंकियों ने निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थीं।

आतंकवादियों की तलाश में सोमवार को भी अभियान जारी है। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जगह-जगह नाके लगा रखे हैं और हर एक इलाके में तलाशी अभियान जारी है। समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी था।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.