After Header-1

भारत और सऊदी अरब की सेनाओं के बीच युद्धाभ्यास शुरू

बीकानेर। भारत और सऊदी अरब की सेनाओं के बीच सोमवार से एशिया की सबसे बड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास ‘सदा तनसीक’ शुरू हुआ। दोनों सेनाओं ने परेड के बाद अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। युद्धाभ्यास का उद्देश्य आधुनिक हथियारों की जानकारी देना और आतंकवाद पर लगाम लगाना है।

जनसंपर्क अधिकारी (डिफेंस) कर्नल अमिताभ शर्मा ने बताया कि ‘सदा तनसीक’ अभ्यास के लिए दोनों सेनाओं के 90 सैनिक रविवार को ही महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में पहुंच गए थे। दोनों देशों के जवान जमीनी और हवाई अभ्यास के दौरान ड्रोन हमलों से बचाव, टैंक, मिसाइल, राइफल्स आदि हथियारों को परखेंगे। इसके अलावा सऊदी अरब के जवान भारतीय थल सेना के नए हथियारों के उपयोग के साथ-साथ इसकी इंजीनियरिंग पर भी काम करेंगे।

सैन्य प्रवक्ता के अनुसार 9 फरवरी तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास के लिए सऊदी अरब से 45 सैनिक आये हैं। आठ फरवरी को दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे से सीखे गुर का प्रदर्शन करेंगी। यह अभ्यास दोनों पक्षों के अत्याधुनिक स्वदेशी रक्षा उपकरणों की क्षमताओं को उजागर करने, साझा सुरक्षा उद्देश्यों की पहचान करने, उन्हें प्राप्त करने और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने का अवसर भी प्रदान करेगा। यह दोनों देशों के बीच युद्धाभ्यास का तीसरा संस्करण है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.