पीएम मोदी ने जताई खुशी, की श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना

देहरादून। उत्तराखंड ( Uttarakhand) के उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा सुरंग का एक हिस्सा ढहने के कारण अंदर फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।  सुरंग से मजदूरों के बाहर निकलने की खबर मिलने के बाद पीएम मोदी  (PM Modi) ने खुशी जताई है। पीएम मोदी ने श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की है।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ”उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है। टनल में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं। यह अत्यंत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद अब हमारे ये साथी अपने प्रियजनों से मिलेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, ”इन सभी के परिजनों ने भी इस चुनौतीपूर्ण समय में जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए वो कम है। मैं इस बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को भी सलाम करता हूं। उनकी बहादुरी और संकल्प-शक्ति ने हमारे श्रमिक भाइयों को नया जीवन दिया है। इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.