तेलंगाना: कांग्रेस ने भाजपा के चारों टायर पंचर कर दिए :नेता राहुल गांधी

हैदराबाद। कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने चुनावी राज्य तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चारों टायर पंचर कर दिए हैं और जल्द ही दिल्ली में भी ऐसा करेगी।

तेलंगाना में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (BRS) के प्रमुख चंद्रशेखर राव को यह एहसास होना चाहिए कि यह कांग्रेस ही थी जिसने उस विद्यालय और विश्वविद्यालय का निर्माण किया जिसमें उन्होंने पढ़ाई की।
गांधी ने कहा कि आगामी चुनाव में मुकाबला ‘दोराला’ (सामंती) और ‘प्रजाला’ (जनता के) के बीच है। गांधी ने कहा कि लोगों ने गरीब और किसान समर्थक सरकार का सपना देखा, जबकि राव ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘केसीआर पूछ रहे हैं कि कांग्रेस ने किया क्या है। केसीआर… जिस विद्यालय में आपने पढ़ाई की और जिस विश्वविद्यालय में आपने पढ़ाई की, उनका निर्माण कांग्रेस पार्टी ने किया था।

जिस हवाई अड्डे से आपका विमान उड़ान भरता है वह कांग्रेस द्वारा बनाया गया था। बाहरी रिंग रोड, जिस पर आपके वाहन चल रहे हैं, कांग्रेस द्वारा बनाया गया था।’’ गांधी ने तेलंगाना के गठन का पूरा श्रेय भी अपनी पार्टी (कांग्रेस) को दिया। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस पार्टी ही थी जिसने हैदराबाद को दुनिया में एक प्रमुख आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) केंद्र में बदल दिया।

केसीआर परिवार पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि उनके पास ‘‘पैसा बनाने वाले सभी विभाग’’ हैं। कालेश्वरम सिंचाई परियोजना का जिक्र करते हुए गांधी ने राव पर इसमें एक लाख करोड़ रुपये की लूट करने का आरोप लगाया। उन्होंने बीआरएस विधायकों पर दलित बंधु योजना के लाभार्थियों से तीन लाख रुपये की रिश्वत लेने और कम्प्यूटरीकरण तथा धरणी के नाम पर जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकाल के दौरान गरीबों को अधिकार के साथ जमीन वितरित की थी।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि तेलंगाना की बीआरएस सरकार ने एसटी उपयोजना से 5,500 करोड़ रुपये और एससी उपयोजना से 15,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी की। उन्होंने जनसभा में कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों से आपने दोराला सरकार को देखा है और अगले 10 वर्षों में आपको प्रजाला सरकार देखने को मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.