दिल्ली में छह महीने में भरे जाएंगे सरकारी खाली पद

नयी दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि छह महीने के अंदर दिल्ली में रिक्त सभी सरकारी पदों को भर लिया जाएगा ताकि लोगों को मिलने वाली सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जा सके। श्री सक्सेना ने आज यहाँ दिल्ली के नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कहा कि सभी रिक्त पदों को छह महीने के अंदर भर दिया जाएगा।

इस संबंध में इम्तिहान कराने वाले दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (डीएसएसएसबी) और संघ लोक सेवा आयोग(यूपीएससी) को निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि ख़ाली पदों को जल्द से जल्द भरने के लिए वह स्वयं इसकी निगरानी करते हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकारी रिक्त पदों पर स्थाई भर्ती में आने वाली अड़चनों को दूर कर लिया गया है। इसलिए भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र सेवा करने का अवसर है। सरकारी नौकरी केवल जीवन यापन का साधन नही है,बल्कि लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने का कार्य है।  सक्सेना ने कहा कि उपराज्यपाल का पद संभालने के बाद जब वह पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे तब उन्होंने कहा था कि सरकारी पदों को भरा जाए ताकि युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि वह उसी दिशा में काम कर रहे हैं।

श्री सक्सेना ने कहा कि पिछले आठ महीने में 7873 लोगों को सिफर् शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरियां दी गईं जबकि अन्य विभागों को मिलकर बारह हजार लोगों को नौकरियां दी गईं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि एडहॉक और अनुबंध पर काम करने की प्रथा समाप्त किया जाए और इसके स्थान पर सभी नियमित कर्मचारी लगाए जाएं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.