After Header-1

कांग्रेस को किसी भी विपक्षी गठबंधन का आधार बनना चाहिए:रमेश

श्रीनगर। कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव एवं सांसद जयराम रमेश ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस को किसी भी विपक्षी गठबंधन का आधार बनना चाहिए। रमेश ने कहा कि श्रीनगर में सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद कांग्रेस राजनीतिक बातचीत की प्रक्रिया शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि अगर श्रीनगर में यात्रा के समापन समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा आमंत्रित किया गया कोई भी दल शामिल नहीं हो रहा है तो यह कोई झटका नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यात्रा समापन समारोह में भाग लेने के लिए 24 समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं को श्रीनगर आमंत्रित किया था।

उन्होंने तर्क दिया कि 30 तारीख को होने वाला समारोह गठबंधन बनाने की कवायद नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई समारोह में भाग नहीं ले रहा है तो यह झटका नहीं है। हमने उन्हें अच्छे विश्वास में आमंत्रित किया था लेकिन हमारा मानना है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ एक सार्थक, विजयी गठबंधन बनाने का कोई भी प्रयास कांग्रेस के इर्द-गिर्द होना चाहिए।

रमेश ने श्रीनगर में समारोह में शामिल नहीं होने वाले दलों की संख्या का खुलासा नहीं किया। उन्होंने हालांकि कहा कि भाजपा को हराने के लिए किसी भी विपक्षी मंच को दो वास्तविकताओं पर आधारित होना चाहिए। पहला , कांग्रेस को किसी भी विपक्षी गठबंधन की धुरी या आधार होना चाहिए और कांग्रेस के बिना कोई भी विपक्षी गठबंधन सार्थक नहीं है तथा दूसरा , कोई भी विपक्षी गठबंधन रचनात्मक एजेंडे पर आधारित होना चाहिए न कि केवल भाजपा विरोधी या सरकार विरोधी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.