अजार एसआरके के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, योगी के फोटो के साथ की थी छेड़छाड़

लखनऊ। अजार एसआरके नाम के एक ट्विटर हैंडल के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अजार ने दीपिका पादुकोण की जगह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे के साथ पठान के ‘बेशरम रंग’ गाने की एक झलक साझा की थी।

भारतीय दंड संहिता की धारा 295अ और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कई भाजपा नेताओं और ट्विटर यूजर्स ने इसे आपत्तिजनक और अपमानजनक पाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल डीजीपी मुख्यालय की साइबर टीम मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि पठान का गाना ‘बेशरम रंग’ रिलीज होने के बाद से ही विवादों में रहा है। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत इस गाने को सोशल मीडिया और कई राजनीतिक नेताओं से भारी प्रतिक्रिया आई थी।

मध्य प्रदेश के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म के गाने में भगवा पोशाक के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्हें गाने के कई ध्श्य आपत्तिजनक और अश्लील लगे। उन्होंने धमकी भी दी कि अगर उन ध्श्यों को नहीं बदला गया तो वह मध्य प्रदेश में फिल्म पर प्रतिबंध लगा देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.