After Header-1

श्रीलंका को विश्व बैंक ने दिया सहायता का आश्वासन

कोलंबो। श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने ने बुधवार को कहा कि विश्व बैंक ने कोलंबो को निरंतर समर्थन देने का वादा किया है। गुणवर्धने ने विश्व बैंक के कंट्री निदेशक चियो कांडा और वरिष्ठ रणनीति और संचालन अधिकारियों के साथ चल रही परियोजनाओं तथा प्रस्तावित भविष्य की परियोजनाओं की प्रगति के बारे में चर्चा के बाद यह टिप्पणी की।

प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए सुधारों के परिणामस्वरूप अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ मौद्रिक व्यवस्था जल्द से जल्द पूरी होगी।

विश्व बैंक के निदेशक ने आर्थिक स्थिति को आसान बनाने के लिए अल्पकालिक उपायों पर संतोष व्यक्त किया और निरंतर मध्यावधि तथा दीर्घकालिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने श्रीलंका को लगातार समर्थन देने का भी आश्वासन दिया। कांडा ने मौद्रिक और राजकोषीय सुधारों सहित नए सुधारों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जो देश को मौजूदा आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए जल्द ही कैबिनेट और संसद के माध्यम से पारित होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.