After Header-1

फुटओवर ब्रिज का हिस्सा गिरा, कई लोग घायल

मुंबई । महाराष्ट्र में चंद्रपुर जिले के बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर  बने फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे में 20 लोगों के घायल होने की सूचना है। ये लोग 60 फीट की ऊंचाई पर बने फुटओवर ब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गए।

इस हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटना स्थल पर पहुंची है।

फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए टीम मशक्कत करने में जुटी हुई है। कहा जा रहा है कि जिस समय ये हादसा हुआ उस समय फुटओवर ब्रिज पर काफी लोग मौजूद थे। राहत की बात है कि खबर लिखे जाने तक किसी यात्री की मृत्यु की जानकारी नहीं मिली है।

माना जा रहा है कि ये हादसा उस समय हुआ जब बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर काजीपेट पुणे एक्सप्रेस पकड़ने के लिए कई यात्रियों को एक नंबर प्लेटफॉर्म से चार नंबर प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ा था।

इस दौरान यात्री प्लेटफॉर्म बदलने के लिए फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल कर रहे थे और तभी ये हादसा हो गया। वहीं अब एहतियात के तौर पर हादसे के बाद भगदड़ को रोकने के लिए भी अतिरिक्त टीम को तैनात कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.