कलियुगी पिता गिरफ्तार , की थी बेटे की हत्या

नैनीताल। खटीमा में दो रोज पहले कुल्हाड़ी से वार कर अपने ही बेटे को मौत की नींद सुलाने वाले कलियुगी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। उधमसिंह नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खटीमा के मझौला में 25 नवम्बर को एक वीभत्स घटना प्रकाश में आयी थी।

यहां कलियुगी पिता हर प्रसाद ने शराब के नशे में अपने ही बेटे हरीश कुमार के सिर में कुल्हाड़ी से वार कर मौत की नींद सुला दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मझौला के ग्राम प्रधान महेन्द्र कुमार की ओर से 26 नवम्बर को घटना की जानकारी मझौला चौकी पुलिस को दी गयी।

मझौला चौकी प्रभारी संदीप पिलख्वाल तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा नेतराम निवासी गिधौर न्यूरिया, पीलीभीत उप्र की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत जांच शुरू कर दी।

जांच में पता चला कि घटना के दिन जब हर प्रसाद शराब पीकर घर लौटा तो मृतक ने इसका विरोध किया और दोनों में कहासुनी हो गयी। जब मृतक सो रहा था तो हर प्रसाद ने उसके सिर में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मृतक जन्म से ही पीलीभीत में अपने चाचा के साथ रहता था। कुछ दिन पहले ही उसके चाचा नेतराम ने उसे उसके पिता के पास भेजा था। पुलिस ने आरोपी को पालीगंज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.