विकास को बढ़ावा देने के लिए आयुष क्षेत्र में सुधार: सोनोवाल

नयी दिल्ली। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने समग्र स्वास्थ्य देखभाल के लिए आयुष क्षेत्र में संभावनाएं तलाशने पर जोर देते हुए बुधवार को कहा कि इसमें आर्थिक प्रगति भी निहित है। सोनोवाल ने यहां भारतीय उद्योग परिसंघ के छठें आयुष सम्मेलन संबोधित करते हुए कहा कि आयुष नागरिकों को समग्र स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सा देखभाल प्रदान करके ‘न्यू इंडिया’ के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सोनोवाल ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में आयुष बाजार तीन अरब डालर से 18 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वास्थ्य सेवा में आयुष प्रणालियों को व्यापक रूप से पहचाना जा रहा है। अनुसंधान रणनीतियों, अभ्यास की प्रकृति और शिक्षा में कई सुधार चल रहे हैं, जो इस क्षेत्र में विकास को सुगम बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आयुष प्रणालियों के बारे में गहराई से अध्ययन करना चाहिए। आयुष मंत्रालय के इस अवसर पर सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि आयुष मंत्रालय ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से आयुष प्रणाली के लिए बहुत सारे मानक स्थापित किए हैं। ये मानक सभी पक्षों के लिए फायदेमंद होंगे। इनका लाभ आयुष से संबंधित उद्योगों को भी मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.