After Header-1

खड़गे ने संभाली कांग्रेस की कमान

नयी दिल्ली । कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा  कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपनी अराजकता के कारण देश के समक्ष कई चुनौतियां पेश कर दी हैं और कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार राजनीतिक दल का सदस्य होने के नाते देश के लिए संकट पैदा कर रही इन चुनौतियों को मुंहतोड़ जवाब देना है।

खड़गे ने आज  यहां पार्टी मुख्यालय में उन्हें अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र देने के लिए आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर सीधा हमला किया और कहा कि सरकार की अराजक नीतियों के कारण देश एवं समाज के समक्ष संकट पैदा हो गये हैं और  कांग्रेस एक जिम्मेदार संगठन होने के नाते इन सब चुनौतियों का मुंहतोड़ जवाब देगी।

अध्यक्ष निर्वाचित होने पर उनके सम्मान में आयोजित इस समारोह को अपने लिए गर्व का विषय बताते हुए श्री खड़गे ने कहा, “मेरे  लिए गर्व का विषय है कि पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता को यह गौरव हासिल हुआ है कि वह उस महान पार्टी का दायित्व संभाल रहे हैं जिसको महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, जगजीवन राम जैसी महान राजनीतिक  विभूतियों को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्र निर्माण जो महान भूमिका निभाई है और  उसको बनाए रखना कांग्रेस के हर नेता और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है, इसलिए पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए जो भी कदम वह उठाएंगे पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को उनके साथ आगे बढ़कर उनका उत्साह बढ़ाना होगा।

खड़गे ने पार्टी की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने निस्वार्थ भाव से कांग्रेस को मजबूत बनाने का काम किया है। श्रीमती गांधी के कारण ही देश की जनता को मनरेगा, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा जैसे अधिकार मिल सके हैं।

उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि किसी ने सोचा नहीं होगा कि देश में कभी नफरत और झूठ फैलाने वाली सरकार आएगी लेकिन कांग्रेस संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए देश को नुकसान पहुंचाने वालों का मुकाबला करेगी।  मोदी सरकार की मनमानी और अराजकता के कारण देश में बड़ा संकट पैदा हो गया है और संकट के इस दौर में सभी को देश को मिलकर आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिये।

भारत जोड़ो यात्रा के आयोजन के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि वह इस यात्रा में हर वर्ग के व्यक्ति से मिलकर उससे बातचीत कर रहे हैं और उनके सलाह मशवरा कर रहे हैं। पार्टी के लिए इसे बहुत बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक कि भारत जोड़ो यात्रा में हर रोज हजारों लोग शामिल हो रहे हैं।

इससे पार्टी में नई ऊर्जा पैदा हो रही है और कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के नाते वह इस ऊर्जा को बेकार नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हर मुश्किल का सामना किया है और उन्हें लगता है कि पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता इन चुनौतियों से गुजरते हुए आगे बढ़ता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि वह कांग्रेस के हर कार्यकर्ता और नेता के साथ मिलकर देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों का मुकाबला करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने  युवाओं को देश की उम्मीद बताते हुए  कहा कि युवा वर्ग के महत्व को समझते हुए उदयपुर सम्मेलन में पार्टी ने संघठन में 50 फीसदी पदाधिकारी 50 साल से कम उम्र के नियुक्त करने का फैसला किया था। उनका कहना था कि  वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करेंगे औ ब्लॉक तथा जिला  स्तर पर पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्तियों का काम पूरा करेंगे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.