After Header-1

कर्नाटक के मंत्री ने महिला को जड़ा थप्पड़ फिर माफी मांगी

बेंगलुरु। कर्नाटक के मंत्री वी सोमन्ना एक कार्यक्रम में एक महिला को थप्पड़ मारते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। वह कार्यक्रम में जमीन का मालिकाना हक बांट रहे थे। घटना पर आक्रोश और प्रतिक्रिया के बीच मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मंत्री से स्पष्टीकरण मांगा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ महिला सुरक्षाकर्मियों को भी देखा जा सकता है, लेकिन, थप्पड़ कांड के बाद वो मौन रहे। उधर, कांग्रेस ने घटना की निंदा की और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से पूछा कि क्या मंत्री को बर्खास्त किया जाएगा? घटना शनिवार शाम को कर्नाटक के चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुक की है। वी सोमन्ना कर्नाटक में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट मिनिस्टर हैं।

यह आरोप लगाया गया है कि विलेखों के वितरण के लिए लाभार्थियों का उचित रूप से चयन नहीं किया गया था और यही विवाद का कारण बना। थप्पड़ मारे जाने की घटना के बाद जैसा कि वीडियो में दिख रहा है, महिला ने मंत्री के पैर छुए। समझा जा रहा है कि मंत्री ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी, जबकि महिला ने भी बाद में दावा किया कि मंत्री ने उससे मदद का वादा किया था।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा अब बैकफुट पर है जबकि कांग्रेस ने इसे एक मुद्दा बनाते हुए सीधे राज्य के मुख्यमंत्री पर सवाल उठा दिया है। कांग्रेसी नेता राहुल गांधी पहले से ही अपनी भारत जोड़ो यात्रा के तहत इस सरकार को चालीस प्रतिशत कमिशन लेने वाली सरकार बता चुके हैं।

इस घटना पर अब कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ लोगों को 40 प्रतिशत कमीशन का भारी खामियाजा भुगतना पड़ता है और दूसरी तरफ, सत्ता के नशे में चूर मंत्रियों द्वारा महिलाओं को थप्पड़ मारा जाता है। क्या सीएम बोम्मई आप ऐसे मंत्री को बर्खास्त करेंगे? भाजपा अथवा कर्नाटक सरकार की तरफ से इस बारे में अभी कोई सफाई नहीं दी गयी है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.