सचमुच में उत्तराखंड में कानून का राज खत्म हुआ: यशपाल आर्य

जसपुर में ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख की पत्नी और सरदार महेल सिंह की हत्या के बाद प्रतिक्रिया

हल्द्वानी । नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने दावा किया है कि ज्येष्ठ ब्लक प्रमुख जसपुर गुर्ताज भुल्लर कि पत्नी और सरदार महेल सिंह की गोली मारकर हत्या ने राज्य की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सचमुच में उत्तराखंड में कानून का राज खत्म हो गया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हर हाल में हत्यारों को कड़ी सजा दिलाए जाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। कानून का किसी तरह का खौफ नहीं है।

बृहस्पतिवार को  आर्य ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने के बाद यहां जारी एक बयान में कहा है कि
प्रदेश में कानून व्यवस्था बिल्कुल चौपट हो चुकी है। बदमाश सरेआम हथियारों से लैस होकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल जा रहे हैं।

प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इससे आरोपियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये लोग ही कानून व्यवस्था का खुलेआम मखौल उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि जंगल राज कायम हो गया है और चारों तरफ अराजकता ही अराजकता है। सरकार का तंत्र पूरी तरह फेल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.