After Header-1

कांग्रेस अध्यक्ष के लिए खड़गे सहित तीन उम्मीदवारों ने किया नामांकन

नयी दिल्ली।कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने के आखिरी दिन राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सहित तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

कांग्रेस चुनाव विभाग के प्रभारी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने नामांकन पत्र दाखिल किये जाने के बाद यह जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए श्री खड़गे के अलावा कांग्रेस के लोकसभा सदस्य शशि थरूर और झारखंड से के एन त्रिपाठी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नामांकन के लिए कुल 20 सेट दाखिल किये गये हैं जिनमें से श्री खडगे की तरफ से नामांकन पत्रों के 14 सेट जमा कराए गये हैं। श्री थरूर की ओर से पांच सेट और के एन त्रिपाठी की ओर से एक पर्चा जमा कराया गया है। कांग्रेस चुनाव विभाग के प्रभारी ने कहा कि तीनों उम्मीदवारों में से कोई भी पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है।

उनका कहना था कि यदि कोई व्यक्ति दावा करता है कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष का आशीर्वाद प्राप्त है तो उसका यह दावा गलत है। हर उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र खुद भरा है और उसे फार्म भरने के लिए कांग्रेस हाई कमान ने नहीं कहा है और ना ही किसी को कांग्रेस अध्यक्ष का आशीर्वाद है इसलिए यदि कोई व्यक्ति ऐसा दावा करता है तो उसका यह दावा गलत है।

सभी उम्मीदवारों ने अपने बल पर और खुद नामांकन पत्र दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि डेलीगेट्स को ही कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव करना है और उन्हें ही अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देना है। यह सांगठनिक चुनाव है और कोई भी कांग्रेस डेलीगेट कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकता है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.