सरयू पुल से कूदी किशोरी, तेज बहाव में नहीं लग पाया पता

बागेश्वर । बुधवार की सुबह कोतवाली अंतर्गत बिलौना बाईपास के पुल से कूदकर एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली। किशोरी के नदी से कूदने की घटना के बाद पुलिस सर्च अभियान चला रही है तथा अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से गरुड़ गढ़खेत निवासी रिया गढ़िया (16) भटखोला में पिछले कुछ सालों से अपनी माता के साथ रहती है। उसकी मां वहां के विद्यालय में परिचारिका है। बुधवार की सुबह वह अचानक अपने घर से कुछ पैसे लेकर बागेश्वर को टैक्सी से रवाना हुई।

वह टैक्सी से बिलौना स्थित समण मंदिर के समीप उतरी तथा शेष बचे कुछ पैसे स्थानीय युवक को दिए। इसके बाद वह सरयू पुल में गई तथा तीव्र गति से नदी में कूद गई। आसपास काम करने वाले कुछ ग्रामीणों ने उसे नदी में कूदते देखा तो बचाने की चाह की, परंतु नदी के तेज प्रवाह के चलते वे नदी में नहीं जा सके तथा इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व अग्निशमन दल के तैराक व एसडीआरएफ के जवान किशोरी का पता लगाने के लिए नदी में सर्च अभियान चला रहे हैं। सूचना पाकर किशोरी के गांव के ग्राम प्रधान व परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं तथा परिजन पुलिस के साथ सर्च अभियान में सहयोग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई पता नहीं लग पाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.