भाजपा ने कहा, इतिहास में सबसे बड़ी पल्टू पार्टी आप

नई दिल्ली ।आबकारी नीति को लेकर भाजपा ने केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए कहा कि मानव इतिहास में सबसे बड़ी पल्टू पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) है। भाजपा ने कहा कि ईमानदार पार्टी होने का दावा करने वाली आप कट्टर भ्रष्टाचारी पार्टी बन गई।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने  केजरीवाल सरकार से पांच सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि आखिर कमीशन के रिकमेंडेशन को ताक पर क्यों रखा ? शराब की बोतलें तो ज्यादा बिकीं किंतु आमदनी कम क्यों हुई ? पात्रा ने दिल्ली सरकार से पूछा कि ब्लेकलिस्टेड कंपनियों को ठेके क्यों दिए गए और होलसेलर का कमीशन 2 प्रतिशत से 12 प्रतिशत क्यों किया गया? उन्होंने यह भी जानना चाहा कि 144 करोड़ रुपए क्यों माफ किए गए ?

पात्रा ने आगे कहा कि आज अरविंद केजरीवाल कह रहे थे कि सीबीआई वाले बड़े अच्छे लोग हैं, सीबीआई के लोगों ने उनके कान में कहा है कि निकला तो कुछ नहीं है, लेकिन मनीष सिसोदिया को तीन-चार दिन के बाद गिरफ्तार करना पड़ेगा। भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल पहले सत्येंद्र जैन को राजा हरिश्चंद्र की तरह कट्टर ईमानदार मंत्री बता रहे थे, आज जैन सलाखों के पीछे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल अपने हर नेता की गिरफ्तारी के पहले इसी प्रकार का ड्रामा चलाते हैं। सत्येंद्र जैन जब गिरफ्तार होने वाले थे, जब भ्रष्टाचार में पूरी तरह से डूबे हुए थे और उनकी जांच चल रही थी तब ठीक इसी प्रकार का भाषण केजरीवाल दे रहे थे। आज वे कह रहे हैं कि विश्व के 3,000-4,000 वर्षों के मानव इतिहास में सबसे ज्यादा प्रताड़ना आम आदमी पार्टी पर हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.