After Header-1

ब्रिटानिया कंपनी में लगी भीषण आग

नैनीताल । रूद्रपुर स्थित सिडकुल में देर रात को ब्रिटानिया कंपनी में भीषण आग लग गयी। जिससे कंपनी को भारी नुकसान हो गया। बीस दमकल गाड़ियों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार रात 12 बजे ब्रिटानिया कंपनी में यकायक आग की लपटें उठने लगीं। पुलिस को सूचना दी गयी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

उधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टीएस मंजूनाथ सिडकुल चैकी व दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग ने तब तक विकराल रूप ले लिया। उस पर काबू पाने के लिये पहले टाटा, बजाज व अशोका लीलेंड कंपनी के साथ ही रूद्रपुर के फायर टेंडरों को लगाया गया लेकिन जब उस पर काबू नहीं पाया गया तो किच्छा, सितारगंज व हल्द्वानी से भी आग बुझाने वाले वाहनों व कर्मियों को मौके पर बुलाया गया।

जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एडीएम ललित नारायण मिश्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसडीएम प्रत्यूष सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष भारद्वाज व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पहुंच गये। राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया।

इसके बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया गया। एसएसपी मंजूनाथ ने बताया कि आज सुबह आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.