तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी

ऋषिकेश। नीलकंठ महादेव के दर्शन करने जा रही कांवड़ यात्रियों की बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार बस में 60 से अधिक लोग सवार थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना गुरुवार सायं करीब पांच बजे हुई। बलिया उत्तर प्रदेश से करीब 60 यात्री एक डबल डेकर बस में सवार होकर नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए आए थे। गुरुवार को उन्होंने हरिद्वार में जल भरा उसके बाद नीलकंठ के लिए रवाना हुए। बस को भद्रकाली होते हुए मुनिकी रेती पार्किंग में आना था। भद्रकाली से आगे अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए।

अनियंत्रित बस पहले एक पोल से टकराई, जिसके बाद जबरदस्त टक्कर के साथ पहाड़ी से टकराकर घिसटते हुए कुछ आगे जाकर रुक गई। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला।
घायलों को 108 आपात सेवा तथा विक्रम टेंपो के माध्यम से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। जहां इंदु देवी (50 वर्ष) पत्नी भरत निवासी मजुआ बलिया उत्तर प्रदेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दुर्घटना में 34 यात्रियों को चोटें आई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.