After Header-1

दिल्ली के गांधीनगर इलाके में उग्र भीड़ ने की पत्थरबाजी

नयी दिल्ली। दिल्ली के गांधीनगर इलाके फिर पथराव की खबर है। 1 जुलाई को इस इलाके में एक महिला की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या के विरोध में कुछ लोगों ने गुरुवार को शाम कैंडल मार्च निकाला था। इसी दौरान लोगों की भीड़ उग्र हो गई और उनके द्वारा पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ दी गई। उग्र भीड़ ने पत्थरबाजी करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस सजग थी। यही कारण रहा कि हल्का बल प्रयोग करते हुए लोगों को शांत कराने की कोशिश की गई। फिलहाल वहां पर हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।

डीसीपी शाहदरा आर. सथियासुंदरम ने बताया कि 1 जुलाई को गांधी नगर क्षेत्र में एक महिला की हत्या कर दी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके लिए कैंडल मार्च निकाला जा रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और थाने पर पथराव शुरू कर दिया।

इसके आगे उन्होंने कहा कि पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं लेकिन थाना सुरक्षित है। इस घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गांधीनगर के रघुवर पुरा इलाके में एक महिला की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या को लेकर यहां के स्थानीय लोगों में गुस्सा दिखाई दे रहा था। यही कारण रहा कि उनकी ओर से आज कैंडल मार्च निकाली गई। इस कैंडल मार्च में भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे जिसकी वजह से पुलिस को पुलिस स्टेशन के बाहर बैरिकेडिंग लगानी पड़ी थी। गुस्साए लोगों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करनी पड़ी। इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.