राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू  आज लखनऊ आयेंगी

लखनऊ।  राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू  अपने प्रचार अभियान के तहत आज लखनऊ आयेंगी। प्रदेश भाजपा के अनुसार मुर्मू लखनऊ में राजग के घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों व विधायकों के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से समर्थन जुटाने के लिए संपर्क व संवाद करेंगी।

प्रदेश भाजपा के महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि मुर्मू शुक्रवार को दोपहर 03 बजे लखनऊ पहुंचेगी। उनकी अगवानी के लिए हवाईअड्डे पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल व निषाद पार्टी के नेता डा. संजय निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता स्वागत करेंगे। हवाईअड्डे पर मुर्मू के जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई है।

इसके बाद मुर्मू सायं 05ः30 बजे लोकभवन में भाजपा, अपना दल (एस), निषाद पार्टी के सांसदों व विधायको के साथ बैठक कर समर्थन के लिए सम्पर्क व संवाद करेंगी। बैठक में योगी, स्वतंत्र देव सिंह, मौर्य, पाठक, पटेल व डा. निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

इस क्रम में विपक्षी दलों के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने आज सपा मुख्यालय में विभिन्न दलों के नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाया। उन्होंने इस दौरान संवाददाता सम्मेलन में इस बार के राष्ट्रपति चुनाव को विशेष परिस्थितियों में हो रहे चुनाव की संज्ञा देते हुए मोदी सरकार पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.