केदारनाथ :  तीर्थयात्रियों पर गिरा बोल्डर, एक की मौत

देहरादून।  केदारनाथ धाम के दर्शन कर पैदल वापस आते तीर्थयात्रियों के ऊपर पहाड़ से पत्थर गिरने से एक की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गये हैं। साथ ही, नेपाल से आने वाली काली नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। कुमायूं मण्डल में रेड अलर्ट किया गया है।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और देहरादून में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की प्रवक्ता ललिता नेगी ने अलग-अलग बताया कि सोनप्रयाग-गौरीकुंड के मध्य  केदारनाथ के दर्शन कर पैदल वापस लौट रहे यात्रियों पर अचानक बोल्डर गिर गया।

इससे राजस्थान के बांसवाड़ा निवासी जयंती लाल खेतरा (50) की मृत्यु हो गई। इसके अलावा तीन व्यक्ति जिनमें मयूरी अहमदाबाद (गुजरात), अवन सिंह पुत्र मीर सिंह निवासी सुरहती, (हरियाणा) तथा विकास पुत्र वीरचंद्र, नेपाल घायल हो गए।

मौके पर पहुंची एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग भेजा है, जबकि मृतक के शव को मोर्चरी में रखा गया है। उधर, नेपाल से आने वाली काली नदी में आज सुबह अचानक जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया।

जिस कारण पिथौरागढ़ सहित कुमायूं मण्डल में अलर्ट जारी कर दिया गया। पिथौरागढ़ प्रशासन ने नदी से प्रभावित धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट तहसीलों के सभी ग्राम स्तर तक की जनता और कार्मिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि काली नदी का जल स्तर 889.40 मीटर पर पहुँच गया है। जलस्तर के और अधिक बढ़ने की प्रबल सम्भावना बनी हुयी है, जिस हेतु सावधानी, सुरक्षा एवं सतर्कता बनाये रखना अति आवश्यक है।

पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने जल स्तर बढ़ने से काली नदी किनारे वाले क्षेत्रों में आवागमन न करने तथा खतरे के निकट स्थित परिवारों को ऊपरी सुरक्षित स्थानों पर जाने हेतु सूचना, चेतावनी प्रसारित करने के अधीनस्थ को निर्देश दिये हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.