मध्यप्रदेश : तीन मंजिला मकान में लगी आग, सात की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिला मुख्यालय स्थित एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु हो गयी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

चौहान ने कहा कि इंदौर के स्वर्ण बाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करते हैं।

दमघुटने से हुई मृत्यु, मृतकों में दो महिला भी

इंदौर जोन-2 के पुलिस अधीक्षक ने  बताया कि विजय नगर थाना क्षेत्र के स्वर्णबाग कॉलोनी के तीन मंजिला मकान में आग लगने की घटना में सात लोगों की दमघुटने से मृत्यु हो गयी है। मृतकों में दो महिला एवं पांच पुरुष बताए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कल रात्रि मकान के नीचे, जहां वाहन खड़े थे, वहां अचानक आग लग गयी और इसने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। एसपी श्री उपाध्याय ने बताया कि इस घटना में मकान के ऊपरी मंजिल में सो रहे सात लोगों की आग लगने के चलते दमघुटने से मृत्यु हो गयी है।

वहीं, कुछ अन्य लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद दमकल वाहनों की मदद से मकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.